-सफल आवेदकों को एक सप्‍ताह में जारी होगा आवंटन पत्र
-असफल आवेदकों का एक माह में वापस होगा पैसा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण की आवासीय प्‍लाट का ड्रा इंडिया एक्‍सपो प्‍लाजा के हॉल नंबर एक में संपन्‍न हो गया। ड्रा देखने के लिए एक हजार से अधिक लोग मौके पर पहुंचे। ड्रा की प्रक्रिया जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई लोगों के दिलों की धड़कन तेज होती गई। लॉटरी में जिन लोगों का नाम निकला वह खुशी से झूम उठे, कुछ की आंखों से खुशी के आंसू छलके। अन्‍य लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि ड्रा में जिन लोगों के नाम की पर्ची निकली है उन्‍हें लगभग एक सप्‍ताह में प्‍लाट का आवंटन पत्र मिल जाएगा। जिन लोगों का लॉटरी में नाम नहीं निकला है लगभग एक माह में उनके बैंक खातों में पैसा वापस पहुंच जाएगा।

आठ साल से जारी था प्रयास
ड्रा में लोग पूरी उम्‍मीदों के साथ पहुंचे, लेकिन उपलब्‍ध प्‍लाट के सापेक्ष 973 लोगों को ही खुशी मिली। जिन लोगों का लॉटरी में नाम निकला उसमें से कई लोग आठ-दस साल से लगातार आवेदन कर रहे थे। लॉटरी में नाम निकलने पर वह खुश हो गए। लॉटरी में सबसे पहले 162 वर्ग मीटर व सबसे अंत में 290 वर्ग मीटर के प्‍लाट का ड्रा निकाला गया। यह भी सामने आया कि एक ही बैंक खाता से दो या दो से अधिक आवेदन किया गया था। 104 खातों से 251 आवेदन प्राप्‍त हुए थे। प्रत्‍येक खाते से एक आवेदन का चयन करते हुए उन्‍हें ड्रा में शामिल किया गया।