द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को सेक्टर-47/48 से नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया है। उसके कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत के आभूषण और 1,09,650 रुपये नकद बरामद हुए हैं।पुलिस ने बताया कि 20 सितंबर को पीड़ित ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को पुलिस ने एक बाल अपचारी को सेक्टर-47/48 से संरक्षण में लेकर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया।

यह सामान हुआ बरामद
बरामद सामान में पीली धातु का एक हार, दो कंगन, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, मांग टीका, नथुनी, दो अंगूठियां, ओम पेंडल और तीन जोड़ी झुमके शामिल हैं। इसके अलावा सफेद धातु की तीन जोड़ी पाजेब, काली-सफेद धातु के हाथ के कंगन की एक जोड़ी और लोकेट मय चेन भी बरामद हुई है। पुलिस ने 1,09,650 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।