द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : लुहारली टोल प्लाजा पर टोलकर्मी के साथ मारपीट, अभद्रता और टोल बैरियर तोड़ने के मामले में दादरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार कारें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 जून को लुहारली टोल प्लाजा के मैनेजर ने थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि काले रंग की स्कॉर्पियो कार के चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर टोलकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और टोल का बूम बैरियर तोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
गाजियाबाद के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोट गांव के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन यादव पुत्र धर्मवीर यादव, सौरभ पुत्र विनोद और आकाश पुत्र सतीश के रूप में हुई है। तीनों ग्राम बम्हैटा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार वाहन बरामद किए हैं। इनमें दो काली स्कॉर्पियो कारें (बिना नंबर प्लेट), एक नई काली थार (बिना नंबर प्लेट) और एक सफेद ब्रेजा कार शामिल है।
