द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में गड्ढे में गिरने से बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जल विभाग के दो कर्मचारियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि कल 25 जुलाई की शाम एक बच्चा खुले गड्ढे में गिर गया था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पहले गिरफ्तार किया गया ठेकेदार
इस मामले में पहले ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस ने जल विभाग में टेक्निकल सुपरवाइजर के पद पर तैनात आकाश कुमार निवासी ग्राम धौरव, थाना छतारी, बुलंदशहर तथा सुपरवाइजर अनुज कुमार उर्फ जोनी निवासी ग्राम सिकरी खुर्द, थाना मोदीनगर, गाजियाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
