द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से स्नैचिंग और चोरी के 13 मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, 2000 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धीरज और शिवा को बहलोलपुर अंडरपास से गढ़ी गोलचक्कर की ओर जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी चोटपुर कॉलोनी में रह रहे थे।
राहगीरों से झपटते थे मोबाइल
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे राह चलते लोगों से मोबाइल फोन झपटते थे। मोबाइल की संख्या अधिक होने पर उन्हें कम कीमत में राहगीरों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वे सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। गाड़ियों के शीशे तोड़कर उनमें रखे मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
बिहार और मैनपुरी के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार धीरज (20) मूलरूप से छपरा, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था। दूसरा आरोपी शिवा (19) मैनपुरी का रहने वाला है और वह भी चोटपुर कॉलोनी में रह रहा था।
