द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना पुलिस ने कॉल सेंटर संचालित कर लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आठ जुलाई को स्थानीय अभिसूचना और गोपनीय सूचना के आधार पर अजनारा ली गार्डन सोसाइटी के एक फ्लैट पर छापा मारकर सागर चौहान निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और कुलदीप निवासी बरौली, थाना बल्देव, मथुरा को गिरफ्तार किया गया।
फोन करके जाल में फंसाते थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को फोन कर अधिक लोन दिलाने का झांसा देते थे। इच्छुक लोगों से Loan112 ऐप के माध्यम से आवेदन कराकर फर्जी लोन अप्रूवल लेटर भेजते थे। इसके बाद पहले से चल रहे लोन को बंद कराने के नाम पर पीड़ितों से रकम अपने फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वे विभिन्न लोन ऐप से लोन लेने वाले लोगों का डेटा हासिल कर उन्हें निशाना बनाते थे। ठगी के बाद इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड नष्ट कर दिए जाते थे। फर्जी बैंक खाते और सिम उपलब्ध कराने वाला व्यक्ति कमीशन काटकर बाकी रकम नकद पहुंचाता था। वह केवल व्हाट्सएप कॉल के जरिए अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता था।
ठगी में इस्तेमाल 3 मोबाइल मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
