-सीईओ ने जलभराव वाली जगहों पर टीमों को किया तैनात
-जलभराव के वीडियो लगातार हो रहे हैं वायरल

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दो दिन से हो रही बारिश ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बड़े-बड़े दावों को पानी में डुबो दिया। शहर से लेकर गांव तक में एक भी जगह ऐसी नहीं रही जहां पर पानी न भर गया हो। दुकानों के साथ ही लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। कई स्‍थनों पर सड़क टूट गई, कई जगहों पर मिट्टी धंस गई तो कई स्‍थान पर दीवार गिर गई। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम अधिकारियों के नेतृत्‍व में फील्ड में उतरी। वर्क सर्किल की टीम के साथ ही एसीईओ, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक वर्क सर्किल टीम के साथ फील्ड में घूमे। जलजमाव वाले जगहों पर पंप लगाकर पानी की निकासी कराई गई, जिस रोड पर पानी जमा होता दिखा, वहां की नालियों व ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने तेज बारिश के मद्देनजर सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को फील्ड में रहने और जलजमाव की समस्या दिखते ही दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। लापरवाही करने पर सख्त कार्रवाई की हिदायत भी दी। सीईओ की चेतावनी का असर दिखा।

साफ कराया ड्रेनेज
वर्क सर्किल में सुपरवाइजर से लेकर वर्क सर्किल प्रभारी तक, फील्ड में पहुंचे। अपने-अपने एरिया में जलभराव वाले एरिया की निगरानी की। जिन सड़कों पर जलभराव दिखा, वहां के ड्रेनेज सिस्टम व नालियों को तत्काल साफ कराया गया। सभी वर्क सर्किल की टीमें अपने एरिया में जलभराव से जुड़ा अपडेट ग्रुप पर डालते रहे। जलभराव से निपटने के लिए खुद एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सेक्टर ईकोटेक -2 व आसपास के एरिया का निरीक्षण किया। एसीईओ सुमित यादव ने ईकोटेक -3 व 130 मीटर रोड का जायजा लिया। इनके अतिरिक्त जीएम एके सिंह, डीजीएम विजय कुमार रावल भी फील्ड में डटे रहे। विजय कुमार रावल ने बैनेट विवि, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट और आसपास के एरिया का जायजा लिया। सभी गोलचक्करों के आसपास जलभराव रोकने के लिए टीमें तैनात रहीं। वर्क सर्किल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम बनाकर नालों की सफाई के लिए ग्रामवार शेड्यूल के अनुसार सफाई कराई जा रही है।