सोसायटी में फ्लैट का पॉवर बैकअप पहले ही कर दिया गया है बंद
-पॉवर बैकअप बंद होने से लिफ्ट में आए दिन फंस रहे हैं लोग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की अजनारा होम्‍स सोसायटी में बृहस्‍पतिवार को हंगामा हो गया। हंगामे का प्रमुख कारण मेंटेनेंस एजेंसी के द्वारा लिफ्ट का पॉवर बैकअप बंद करना था। पॉवर बैकअप बंद होने के कारण लिफ्ट में लोग फंस गए, इससे नाराज होकर मेंटेनेंस ऑफ‍िस पहुंची महिलाओं ने हंगामा किया। लोगों का कहना है कि बिल्‍डर ने सोसायटी के सभी फ्लैट का पॉवर बैकअप पहले से ही बंद कर दिया है, अब लिफ्ट का भी पॉवर बैकअप बंद कर दिया गया है। नाराज लोगों ने मांग की कि लिफ्ट में पॉवर बैकअप दिया जाए।


हो सकती है बड़ी घटना
सोसायटी के लोगों का कहना है कि पहले बिल्‍डर ने अपना कनेक्‍शन दे रखा था। अप्रैल में एनपीसीएल ने मल्‍टीप्‍वाइंट कनेक्‍शन दे दिए। जिसके बाद से बिल्‍डर ने सभी फ्लैट का पॉवर बैकअप काट दिया है। यदि लाइट चली जाती है तो लोग अंधेरे में बैठने को विवश होते हैं। घरों की फ्रिज में रखा सामान खराब हो जाता है। अब बिल्‍डर के द्वारा लिफ्ट का पॉवर बैकअप भी बंद कर दिया गया है। लाइट जाने पर अक्‍सर लिफ्ट में कोई न कोई फंस जाता है। किसी दिन कोई बड़ी घटना हो सकती है।