-सेक्‍टर पी-3 के सी ब्‍लाक में हुई घटना
-बंदरों के कारण हर सेक्‍टर के लोगों में व्‍याप्‍त है डर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बंदरों के कारण हर सेक्‍टर के लोग परेशान हैं। बंदर आए दिन किसी न किसी के ऊपर हमला कर देते हैं। लोगों के घरों में रखे सामान के साथ ही हरियाली को भी नुकसान पहुंचाते हैं। बृहस्‍पतिवार को बंदरों ने सेक्‍टर पी-3 के सी-40 में रहने वाले आयुष के ऊपर हमला कर दिया। बंदरों ने उन पर झपट्टा मारा, इस कारण वह सीढ़ियों से गिर गए। आयुष के सिर में गहरी चोट आई है। उनका उपचार यथार्थ हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा में चल रहा है तथा उनके सिर में टांके लगाए गए हैं। घटना के बाद से सेक्‍टर के लोगों में डर व्‍याप्‍त हो गया है। शहर के विभिन्‍न सेक्‍टरों में रहने वाले लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए।

यह है मांग
सेक्टर पी-3 के पूर्व आरडब्‍ल्‍यूए आदित्‍य भाटी का कहना है कि बंदरों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए तुरंत विशेष अभियान चलाया जाए। सेक्टर की सभी सोसाइटीज एवं आवासीय इमारतों में बंदर-प्रतिरोधी जाली, बैरियर लगाने हेतु सहायता प्रदान की जाए। निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फॉरेस्ट विभाग के साथ समन्वय कर स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई है कि ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी इस मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए तुरंत प्रभावी कार्यवाही करेगी।