-अध्‍यक्ष मनोज भाटी व सचिव शोभाराम चंदीला के नेतृत्‍व में हुआ आयोजन
-448 पात्र अधिवक्ताओं को चेंबर आवंटन पत्र वितरित

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के द्वारा आम सभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज भाटी (बोड़ाकी) एवं संचालन बार सचिव शोभाराम चंदीला द्वारा किया गया। आम सभा में चेंबर रिनोवेशन के अंतर्गत चिह्नित/आवंटित चेंबरों के आवंटन पत्रों का वितरण किया गया। बार एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी एवं चेंबर निर्माण कमेटी द्वारा 448 पात्र अधिवक्ताओं को चेंबर आवंटन पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर 41,44,000 रुपये की धनराशि आरटीजीएस या चेक के माध्यम से संबंधित अधिवक्ताओं को वापस की गई। चेंबर आवंटित होने पर अधिवक्‍ताओं ने बार एसोसिएशन का आभार जताया।

आम सभा में दो प्रस्‍ताव पास
आम सभा की बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहले प्रस्‍ताव के तहत डी-ब्लॉक मेंटेनेंस फंड के लिए अलग खाता खोला जाएगा। जिसमें दानदाताओं द्वारा दी गई धनराशि जमा की जाएगी। खाते के आजीवन संचालन के लिए जगदीश भाटी, देवी शरण शर्मा एवं मुकेश कर्दम को अधिकृत किया गया। दूसरे प्रस्‍ताव के तहत जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद हेतु 8 वर्ष एवं सचिव पद हेतु 5 वर्ष की वकालत की अहर्ता का प्रस्ताव आम सभा में 100 प्रतिशत प्रचंड बहुमत से पारित किया गया। कार्यक्रम में जगदीश भाटी, देवीशरण शर्मा, मुकेश कर्दम, दुष्यंत तोमर, अवधेश शर्मा, श्याम सिंह चौधरी, दलवीर सिंह, राजाराम शर्मा, ओमप्रकाश मधुर, ममता चौधरी, भूपेन्द्र मंगल, हरेंद्र तोंगड़, लोकेश अवाना, राजीव भाटी, बबलू चंदेला, तान्या सिंह, धर्मेन्द्र शर्मा, सरदार बंसल सहित बड़ी संख्‍या में अधिवक्ता उपस्थित थे।