द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-63 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 9 जून को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बहलोलपुर अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए आकाश मसी (24) और नवीन झा (24) को गिरफ्तार किया गया। दोनों वर्तमान में छिजारसी गांव में रह रहे थे।

सीसीटीवी से दूर खड़ी बाइक को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में सुनसान स्थानों तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से दूर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे और प्राप्त रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और बदायूं सहित विभिन्न स्थानों पर वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने तथा आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी आकाश मसी के खिलाफ 15 और नवीन झा के खिलाफ 7 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाकर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और वाहनों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।