द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-126 पुलिस ने घरों में चोरी की दो घटनाओं का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, चार मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, आधार-पैन कार्ड, चोरी में प्रयुक्त कार, लोहे का सरिया और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार नौ जून को एक महिला ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले आठ मई को भी सेक्टर-126 क्षेत्र में एक घर से दो लैपटॉप, अमेजन किंडल और नकदी चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था।
60 सीसीटीवी खंगाले गए
घटनाओं के खुलासे के लिए गठित टीम ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। बुधवार को पुलिस ने गढ़ी शाहपुर गांव के सामने पुश्ता रोड, सेक्टर-131 के पास से शुभम उर्फ काकू, राहुल शर्मा और सुनार सचिन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी शुभम उर्फ काकू ने बताया कि वह दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर लोहे के
सरिये से ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद वह माल अपने जीजा राहुल शर्मा को देता था, जो उसे सुनार सचिन वर्मा के माध्यम से बेचने की कोशिश करता था। पुलिस के अनुसार सुनार को माल चोरी का होने की जानकारी थी, फिर भी उसने लालच में कुछ जेवर गलाकर बेच दिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शुभम एक शातिर अंतरराज्यीय चोर है और उसके खिलाफ मेरठ, नोएडा तथा अन्य जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
