द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : शहर में कूड़े की अवैध डंपिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने सेक्टर जीटा-1 के एक खाली प्लॉट में कूड़ा फेंकते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लीं। सभी वाहनों पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्राधिकरण के अनुसार बिल्डर सोसाइटियों से निकलने वाला कूड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए लाकर सेक्टर जीटा-1 के खाली प्लॉट में अवैध रूप से डंप किया जा रहा था। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत उनके चालकों को पकड़ लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की गतिविधि में पकड़े जाने पर संबंधित वाहनों को जब्त कर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने लोगों और संस्थाओं से कूड़े का वैज्ञानिक एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कूड़ा इधर-उधर फेंकने से न केवल पर्यावरण प्रभावित होता है, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया है।
