द न्यूज गली, नोएडा : फेस-2 थाना क्षेत्र के भंगेल स्थित अस्पताल से तीन दिन के नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। एक महिला सरकारी योजना के तहत 2500 रुपये दिलाने का झांसा देकर बच्चे के परिजनों से नजदीकी बढ़ाने के बाद नवजात को लेकर फरार हो गई। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई फेस-2 थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आठ घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

अस्पताल पहुंच कर दिया सरकारी योजना का झांसा
छह अक्टूबर को पीड़ित की पत्नी ने भंगेल स्थित अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। आठ अक्टूबर की शाम एक अज्ञात महिला अस्पताल पहुंची और बच्चे की मां व उसकी नानी को सरकारी योजना के तहत 2500 रुपये दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद महिला ने परिजनों से जान-पहचान बढ़ा ली। नौ अक्टूबर की सुबह वह दोबारा अस्पताल पहुंची और नवजात को दुलारने लगी। इसी दौरान उसने परिजनों को बातचीत में उलझाया और धोखे से बच्चे को लेकर चली गई।
नवजात के गायब होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

8 घंटे के अंदर पुलिस को मिली सफलता
सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आठ घंटे के भीतर एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी महिला उपासना को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस ने नवजात को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

बहन को बच्चा देने के लिए किया अपहरण
पुलिस की पूछताछ में आरोपी उपासना ने बताया कि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। वह अपनी बहन को बच्चा देने के उद्देश्य से अस्पताल से नवजात को लेकर गई थी। आरोपी महिला बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के गांव बावली की रहने वाली है और वर्तमान में भंगेल में रह रही थी। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष है। पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।