-प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में काट रहे थे अवैध कॉलोनी
-मथुरा की मांट तहसील में की गई कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मथुरा की मांट तहसील में बड़ा अभियान चलाया। तहसील क्षेत्र के कुछ गांव में लोगों के द्वारा प्राधिकरंण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अभियान के तहत लगभग 9 हेक्टेयर जमीन को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 27 करोड़ रुपए है। कार्रवाई मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार मीणा के निर्देश पर की गई। इस दौरान उप जिलाधिकारी शिवौतार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनीष सिंह मौजूद थे।
Greater Noida: यमुना प्राधिकरण ने मथुरा में चलाया अभियान, 27 करोड़ की जमीन से हटाया अवैध अतिक्रमण @Yamunaresidents @UPGovt https://t.co/Ixu416hKVn
— The News गली (@The_News_Gali) November 25, 2026
जमीन है महत्वपूर्ण
अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण एवं कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण किया गया तथा संबंधित भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह जमीन तहसील मांट के ग्राम पिपरौली बांगर, चुड़ा हंसी एवं ग्राम सौर की है। साथ ही जमीन यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है। इस क्षेत्र में प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हेरिटेज सिटी एवं राया अर्बन सेंटर परियोजनाओं का विकास प्रस्तावित है। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध समयबद्ध कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना इन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के सुनियोजित क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अनधिकृत निर्माण अथवा अवैध कॉलोनियों का विकास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र में नियोजित एवं सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने तथा अधिसूचित भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रभावी प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगी।
