द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एक युवती को कथित रूप से फोटो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की धमकियों से परेशान होकर युवती ने रेलवे ओवरब्रिज से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था।
युवती को जाल में फंसाया
पुलिस ने बताया कि 10 जून को पीड़िता के पिता ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी, की दोस्ती सहकर्मी आयुष शर्मा से हुई थी। आरोप है कि आयुष शर्मा और उसके दो साथी सौरभ उपाध्याय व अभिनव उपाध्याय ने युवती को अपने जाल में फंसाया और बाद में उसके संपादित (एडिट किए हुए) फोटो इंटरनेट व फेसबुक पर वायरल करने की धमकी देने लगे।
परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण युवती गंभीर मानसिक तनाव में आ गई और उसने रेलवे ओवरब्रिज से कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित आरोपियों को सेक्टर-57 स्थित सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया गया है।
