द न्यूज गली, नोएडा : नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-135 के एक फार्महाउस में स्विमिंग के दौरान 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मणिपुर निवासी लकी सनवऊ डामया के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों से हो रही पूछताछ
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को स्विमिंग पूल से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि तैराकी के दौरान युवक को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद वह पानी में डूब गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के समय फार्महाउस में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।