-कहा हर माह विभिन्न मद में काट लिया जाता है पैसा
-गार्डों ने डीएम से की मामले की शिकायत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित शारदा केयर अस्पताल के गार्डों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। गार्डों ने प्रतिदिन 13 घंटे ड्यूटी कराने, माह में एक भी अवकाश न देने, दुर्व्यवहार करने सहित तमाम आरोप लगाए। आरोप लगाया कि हर माह पीएफ व ईएसआई का पैसा तो कटता है लेकिन फोन पर कोई मैसेज नहीं आता है। इन समस्याओं से अस्पताल में काम करने वाले करीब 91 कर्मचारी प्रभावित हैं। नाराज गार्डों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में ज्ञापन भी दिया, मांग की कि उनसे 8 घंटे ड्यूटी कराई जाए और माह में चार अवकाश भी मिले।
Greater Noida:शारदा केयर अस्पताल के सुरक्षा गार्डों ने किया प्रदर्शन। प्रतिदिन 13 घंटे ड्यूटी कराने व महीने में एक भी अवकाश न देने का लगाया आरोप pic.twitter.com/c4SqyjD5zB
— The News गली (@The_News_Gali) July 6, 2026
दुर्व्यवहार का आरोप
कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे प्रतिदिन 12 से 13 घंटे काम लिया जा रहा है। महीने के 30 दिन ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें कोई अवकाश नहीं दिया जाता। एक महिला गार्ड ने बताया कि पिछले कई वर्षों से लगभग 17,800 रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अप्रैल माह से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वेतन बढ़ाने का आश्वासन भी पूरा नहीं किया गया। पीड़ित कर्मचारियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेगा।
