द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हज और उमरा यात्रा के लिए सस्ते पैकेज पर विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक बैनर और डाटा डायरी बरामद की है।
साइबर क्राइम थाना टीम ने अभिसूचना संकलन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए बुधवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से तसलीम साद (35) पुत्र जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से बरेली के कृष्णा एन्कलेव, थाना बारादरी क्षेत्र का रहने वाला है और बीटेक (ईसी) शिक्षित है।
ऐसे देता था झांसा
जांच में सामने आया कि आरोपी हज और उमरा यात्रा के लिए सस्ते पैकेज, आकर्षक ऑफर और विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उनसे ऑनलाइन भुगतान कराकर साइबर धोखाधड़ी करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दिल्ली, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों में कुल नौ शिकायतें दर्ज हैं। इन मामलों में करीब 46 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
साइबर सेल की अपील
पुलिस ने लोगों से धार्मिक यात्राओं की बुकिंग केवल अधिकृत एवं सरकारी मान्यता प्राप्त एजेंसियों के माध्यम से कराने की अपील की है। साथ ही सस्ते पैकेज, तत्काल वीजा और आकर्षक ऑफर के नाम पर आने वाले कॉल, संदेश या सोशल मीडिया विज्ञापनों से सतर्क रहने को कहा है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
