द न्यूज गली, नोएडा: सेक्टर-12 के वाई ब्लॉक में शुक्रवार सुबह नोएडा प्राधिकरण के एक अधिकृत प्लॉट की करीब 10 फीट ऊंची चारदीवारी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दीवार के नीचे खड़ी तीन से अधिक कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लगातार हो रही बारिश से गिरी दीवार
यह दीवार प्राधिकरण के प्लॉट की सुरक्षा के लिए बनाई गई थी। गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार सुबह दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरने से उसका मलबा पूरी गली में फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ता भी बाधित हो गया। मलबे की चपेट में आई कारों के शीशे टूट गए और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्लॉट की अन्य तीनों दीवारें भी जर्जर स्थिति में हैं और वे भी कभी भी गिर सकती हैं। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इन दीवारों की जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण से क्षतिग्रस्त दीवार के मलबे को जल्द हटाने, शेष दीवारों की तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। घटना के संबंध में प्राधिकरण की प्रतिक्रिया का इंतजार है।