द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर-खुर्जा मार्ग पर नीमका गांव के सामने हुए हिट एंड रन मामले में जेवर पुलिस ने वांछित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई की रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में करन (22), विश्वजीत (24) और मिथुन (25) निवासी अररिया, बिहार की मौके पर ही मौत हो गई थी।

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतकों के परिजनों की तहरीर पर थाना जेवर में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया था।

पुलिस ने गुरुवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपांशु पुत्र राम कुमार, निवासी ग्राम दस्तमपुर, थाना जेवर, को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हादसे में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (UP16FJ8000) भी बरामद कर ली गई।