-पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना
-वाहनों की तैनाती का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना
द न्यूज गली, नोएडा: पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था एवं पुलिस रिस्पॉन्स टाइम को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 25 नए टू-व्हीलर PRV वाहनों को हरी झंडी दिखाकर डायल-112 के बेड़े में शामिल किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 नोएडा में किया गया। इन वाहनों की तैनाती का उद्देश्य कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा पुलिस रिस्पॉन्स टाइम को और बेहतर बनाना है। नए PRV (डायल-112) वाहनों को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पूर्व से उपलब्ध बेड़े में सम्मिलित करते हुए व्यवस्थित रूप से तैनात किया जा रहा है।

जोन को किए गए आवंटित
नए PRV वाहनों को तीनों जोन में आवंटित किया गया।
नोएडा जोन को 10 PRV, सेंट्रल नोएडा जोन को 10 PRV तथा ग्रेटर नोएडा जोन को 05 अतिरिक्त PRV आवंटित किए गए हैं। इससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी तथा महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस की दृश्य उपस्थिति (Visibility) में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही आकस्मिक एवं आपात स्थितियों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया भी सुनिश्चित हो सकेगी। नए व्यवस्थापन के माध्यम से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार आधुनिक संसाधनों, नवीन तकनीक एवं उन्नत वाहन सुविधाओं से स्वयं को सुसज्जित कर रहा है, ताकि पुलिस बल आधुनिक, उत्तरदायी एवं सक्षम तरीके से जनसेवा को और अधिक प्रभावी बना सके। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं डायल-112 अभय कुमार मिश्र, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नोएडा एवं प्रोटोकॉल शकील अहमद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
