द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा के पावन अवसर पर श्री चित्रगुप्त कायस्थ महापरिवार PGF ट्रस्ट द्वारा PGF शिव मंदिर में भगवान श्री चित्रगुप्त की मूर्ति स्थापना एवं पूजा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने विधि विधान पूर्वक पूजा की। बच्चों के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आरपी श्रीवास्तव सहित समस्त कायस्थ समाज तथा अन्य समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विभिन्न समाजों के लोगों की उपस्थिति ने सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम में उदय सिन्हा (सेवानिवृत्त IPS), डॉ. आरपी श्रीवास्तव, ट्रस्टी डॉ. वी.सी. श्रीवास्तव, निशांत सक्सेना, श्रेष्ठा चन्द्रा, डॉ. मंजुला सिन्हा, डॉ. स्वर्णलता,रश्मि सिन्हा, अमन श्रीवास्तव, श्रुति भटनागर, ज्ञान भटनागर सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में डॉ. रमणी रंजन एवं अतुल सक्सेना ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन स्वाति आनंद ने किया, जिन्हें मिस मिस्का भटनागर का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। दोनों ने अपने उत्कृष्ट समन्वय और मंच संचालन से कार्यक्रम को जीवंत एवं आकर्षक बनाए रखा। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से सभी गणमान्य अतिथियों, विभिन्न समाजों से आए श्रद्धालुओं, कलाकारों, नन्हे प्रतिभागियों, अभिभावकों, आयोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति, आपसी सौहार्द, सहयोग और सामाजिक एकता के प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ।

