-100 एकड़ भूमि पर स्थापित होगा आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट
-1200 लोगों को मिलेगा रोजगार का अवसर

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश एवं आधुनिक विनिर्माण गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक और कड़ी जुड़ी है।सीएनएच कंपनी के द्वारा जेवर में 1200 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। 100 एकड़ भूमि पर आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट बनेगा। जहां पर 1200 से अधिक लोगों को रोजगार का अवसर मिलेगा। यीडा के सेक्टर-08 में सीएनएच ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण, निवेश की संभावनाओं, आधुनिक आधारभूत संरचना और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

50 लाख करोड़ का निवेश प्रस्‍ताव
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं और आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयां 1 करोड़ तक पहुंच चुकी हैं और स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के साथ मिलकर प्रदेश के विशाल जनसांख्यिकीय लाभांश (डेमोग्राफिक डिविडेंड) को स्किल से जोड़कर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार किया जा रहा है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में यूपी नवाचार और रोजगार के नए द्वार खोल रहा है। उन्हानें परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कंपनी को हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा आज उत्तर प्रदेश जिस तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद थे।