-तीन मैनेजर व पांच इंजीनियर का एक माह का वेतन कटा
-सीईओ के एक्शन के बाद मची खलबली
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश के सख्त निर्देश के बाद भी 15 जुलाई तक विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने नालों की सफाई नहीं कराई। इस कारण बारिश के दौरान विभिन्न स्थानों पर जल भराव की समस्या खड़ी हो गई। साथ ही सफाई के मामले में भी विभिन्न स्थानों पर गंदगी देखने को मिली। समीक्षा बैठक में सीईओ कृष्ण करुणेश इस लापरवाही पर नाराज हो गए। उन्होंने तत्काल 3 सुपरवाईजर की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने 3 मैनेजर व 5 जूनियर इंजीनियर का एक माह वेतन काटने का भी निर्देश दिया। सीईओ के सख्त रुख के बाद नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों में खलबली मची हुई है।
लगातार मिल रही थी शिकायत
पूर्व में हुई बैठक में सीईओ कृष्ण करुणेश ने निर्देश दिया था कि सभी नालों की सफाई 15 जुलाई तक करा ली जाए। साथ ही निर्देश दिया था कि कूड़े की नियमित सफाई की जाए। सीईओ को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कूड़े की सफाई नहीं हो रही है। साथ ही नालों की सफाई नहीं होने से जगह-जगह पानी भर गया। कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने जल भराव व सफाई की नियमित मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। वर्क सर्किल एक से पांच तक का नोडल अधिकारी ओएसडी इंदू प्रकाश व वर्क सर्किल छह से दस तक का प्रभारी जीएम आरएस यादव को बनाया गया है। उनकी द्वारा सीईओ को अपनी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
