-फ्लैट से सरकारी दवाएं भी हुई बरामद
-मौके से एक व्यक्ति को किया गया गिरफ्तार
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा सेक्टर-76 में स्थित आर्मपाली प्रिंसली एस्टेट सोसायटी के फ्लैट संख्या-जे-402 में अवैध रूप से रखी गई दवाओं का जखीरा मिला है। औषधि निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर जयसिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय प्रकोष्ठ, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली से प्राप्त सूचना तथा कार्यालय आदेश डीडीसी (आई), उत्तर जोन, गाजियाबाद के अनुपालन में संयुक्त छापेमारी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम में सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद के अरुण कुमार मट्टापल्ली एवं विनोद कुमार, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली के उप निरीक्षक गुलाब सिंह, एचसी करमबीर तथा औषधि निरीक्षक,गौतमबुद्धनगर शामिल रहे। जांच के समय फ्लैट पर निवासी आनंद कुमार, बसंत लाल वर्णवाल तथा प्रीति मिले। उक्त परिसर का उपयोग बड़ी मात्रा में तैयार औषधियों के अवैध भंडारण के लिए किया जा रहा था। मौके से गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, मानव एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम आईपी सहित अन्य महत्वपूर्ण एवं उच्च मूल्य के जैविक औषधि उत्पाद बरामद किए गए।
सरकारी दवाएं भी मिली
टीम के द्वारा की गई जांच के दौरान कई औषधियों पर सरकारी आपूर्ति बिक्री के लिए नहीं, अंकित पाया गया। जिससे उनके अनधिकृत कब्जे एवं संभावित दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की गई। इसके अतिरिक्त जिन औषधियों का भंडारण 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान पर किया जाना आवश्यक था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया पाया गया। छापेमारी के दौरान जब्त औषधियों का कुल मूल्य, लेबल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के अनुसार, लगभग 2,48,66,658.31 रुपये आंका गया। परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए औषधि निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर द्वारा आठ औषधि उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार आयातित औषधि उत्पादों के नमूने सीडीएससीओ उत्तर जोन, गाजियाबाद द्वारा पृथक रूप से लिए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया तथा जब्त औषधियों एवं अन्य संबंधित सामग्री को विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जे में ले लिया गया।
