-भीड़ वाले स्‍थानों पर खड़े वाहनों को बनाते थे निशाना
-सस्‍ते दाम पर बेंच देते थे चोरी के लैपटॉप

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एक गिरोह के द्वारा भीड़ वाले स्‍थानों पर खड़ी गाडियों में रखे लैपटॉप को गाड़ी का शीशा तोड़कर चोरी कर लिया जाता था। नोएडा सेक्‍टर 113 कोतवाली पुलिस को लैपटॉप चोरी करने वाले गैंग को पकड़ने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंग के तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान लविश कुमार, अंकित यादव व राजेन्द्र वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से चोरी के 31 लैपटॉप, चोरी की मोटर साइकिल, 03 लैपटॉप बैग, चोरी करने में प्रयुक्त उपकरण टॉर्च, शीशा तोड़ने वाली पॉकेट मशीन, 14000 रुपए, फर्जी नंबर प्लेट सहित अन्‍य सामान बरामद किया है।

गाडि़यों को बनाते थे निशाना
पुलिस ने बताया कि चोरों के द्वारा रात में चोरी की मोटरसाइकिल का उपयोग करते हुए रेस्टोरेंट, मॉल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया जाता था। छोटी टॉर्च की सहायता से वाहनों के अंदर रखे लैपटॉप बैग की पहचान करते थे। इसके बाद शीशा तोड़ने वाली पोर्टेबल मशीन से गाड़ी का शीशा तोड़कर कुछ ही सेकंड में लैपटॉप चोरी कर लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे। चोरी किए गए लैपटॉपों को सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे तथा अवसर मिलने पर उन्हें बेच देते थे। प्राप्त धनराशि को आपस में बांटकर अपने व्यक्तिगत खर्च में उपयोग करते थे। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विभिन्‍न कोतवाली में 10 मुकदमें दर्ज हैं।