द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हैमलेट सोसाइटी के स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान एक 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद वह पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद लाइफगार्ड और अन्य लोगों ने उसे बाहर निकालकर सीपीआर दिया और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा सिटी निवासी अभिषेक प्रसाद के रूप में हुई है। वह अपनी बहन से मिलने सेक्टर-104 स्थित सोसाइटी आए थे। सुबह करीब सात बजे वह सोसाइटी के स्विमिंग पूल में तैरने पहुंचे। लाइफगार्ड ने उन्हें अस्वस्थ प्रतीत होने पर पूल में न उतरने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताते हुए स्विमिंग शुरू कर दी।
दो लैप किये थे पूरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिषेक ने दो लैप पूरे किए। तीसरे लैप के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूबने लगे। लाइफगार्ड और पूल में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला। कई बार सीपीआर देने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना सेक्टर-39 प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण डूबना बताया गया है। मामले में किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
