द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दनकौर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार नहर में गिर गई। हादसे में कार सवार महिला की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसका पति सुरक्षित बाहर निकल आया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद की झपकी बताई जा रही है। हालांकि महिला के भाई ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
कुछ ही देर में हुई मौत
भट्टा गांव निवासी मोहित अपनी पत्नी रीना (31) के साथ किसी काम से मथुरा गए थे। देर रात दोनों थार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भट्टा गांव के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। पानी अधिक होने के कारण कुछ ही देर में कार डूब गई।
कार के अंदर फंसी रीना
घटना की सूचना मिलते ही पास स्थित पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मोहित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन रीना कार के अंदर फंस गईं। उन्हें बाहर निकालने तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, क्रेन की मदद से कार को भी नहर से बाहर निकलवाया गया।
