-वृक्षारोपण, पर्यावरण, गंगा एवं वेटलैंड समिति की बैठक में लिए गए कई निर्णय
-डीएम ने कहा पर्यावरण में आम जनमानस की भूमिका महत्‍वपूर्ण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: मानसून में चलने वाले पौधा रोपण अभियान में जिले में हर स्‍थान पर पौधा लगाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने वन , उद्यान, शिक्षा, प्राधिकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत के अधिकारियों तथा पर्यावरण विद् के साथ पर्यावरण, वृक्षारोपण, गंगा एवं वेटलैंड समिति के कार्यों की समीक्षा की। उन्‍होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने एवं आगामी वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में सरकारी विभागों के साथ-साथ आम जनमानस की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्‍होंने निर्देश दिया कि अभियान में हर व्‍यक्ति का सहयोग लिया जाए। उन्‍होंने निर्देश दिया कि हर गांव वृक्षारोपण समिति का गठन कराया जाए। जिसके माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण हेतु प्रेरित करें।

तैयारी में जुटें विभाग
डीएम ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा पहले वृक्षारोपण अभियान को जनपद में सफल बनाया गया, इसी प्रकार आगामी वृक्षारोपण अभियान को भी जन आंदोलन का रूप देते हुए सफल बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने उप जिलाधिकारी से भी कहा कि वह भी अपने-अपने क्षेत्र में हिंडन नदी के किनारे एवं तालाबों के आसपास स्थलों का चयन करते हुए वृक्षारोपण अभियान के तहत वहां पर भी वृक्षारोपण कराया जाए। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि आगामी वृक्षारोपण अभियान में स्कूली बच्चों का भी सहयोग लिया जाए, ताकि उनको पर्यावरण के संबंध में किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल जानकारी भी प्राप्त हो सके।