द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-2 पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25,000 के इनामी गौरव पुत्र विक्रम बैरागी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल (.32 बोर) भी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को गुप्त सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर थाना फेस-2 क्षेत्र में स्थित एक कम्पनी के पीछे से पकड़ा गया। गौरव एक गंभीर मारपीट और फायरिंग की घटना में वांछित चल रहा था।

मारपीट और फायरिंग की थी घटना
पुलिस के मुताबिक 15 जून 2025 को गौरव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वादी के घर में घुसकर वादी और उसके परिजनों पर लाठी, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया था। हमले में पीड़ित पक्ष गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस दौरान गौरव द्वारा जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई थी।पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना फेस-2 में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें गौरव फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।

सह-अभियुक्तों की तलाश जारी
थाना फेस-2 पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार किए गए गौरव से पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।