-अधिकारियों के साथ डीएम ने मौके पर जाकर बाढ़ चौकियों का किया निरीक्षण
-कंट्रोल रूम तैयार कर 24 घंटे ड्यूटी लगाने का आदेश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: कुछ वर्ष पूर्व आई बाढ़ के कारण गई गांवों में पानी भर गया था। आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही फसलों को भी काफी नुकसान हुआ था। ऐसी स्थिति दोबारा न बने उसे देखते हुए अधिकारियों ने कमर कस ली है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया। निर्देश दिया कि बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सिंचाई विभाग की बाढ़ चौकी, हिंडन यमुना दोआब तटबंध तथा यमुना मार्जिनल बंध पर सिंचाई विभाग द्वारा अभी तक कराई गई तैयारियों का निरीक्षण किया। सहायक अभियन्ता सिंचाई विभाग हरिओम सिंह ने बताया कि जनपद की सीमा के अन्तर्गत यमुना नदी की कुल लम्बाई 77.00 कि०मी० है, जिसके बॉये तट पर बाढ से सुरक्षार्थ 72.00 कि०मी० लम्बाई में तटबन्ध निर्मित है। सभी तटबन्धों की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराकर सुदृढ कर लिया है एवं सीही तथा रेट होल्स इत्यादि की भी मरम्मत करा ली गई है। बाढ़ को देखते हुए डीएम ने सभी स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में रिजर्व स्टाफ को संरक्षित रखने तथा सभी बाढ चौकियों व कन्ट्रोल रूम पर स्टाफ की डयूटी लगाने के निर्देश दिए।
