-पंचायत उत्सव भवन के साथ ही होगा पंचायत घर का निर्माण
-बच्चों व युवाओं के लिए गांव में बनेगा खेल मैदान
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: खंगौड़ा गांव में विधायक तेजपाल नागर ने विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। गांव में बहुप्रतीक्षित पंचायत उत्सव भवन के भूमि पूजन समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधिवत पूजन-अर्चन कर विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। गांव में पंचायत भवन उत्सव के साथ ही पंचायत घर का भी निर्माण होगा। इसके साथ ही ग्राम खंगौड़ा से गुलावठी खुर्द तक 2 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग भी बनेगा। अंत्येष्टि स्थल (श्मशान घाट) व खेल मैदान का निर्माण भी होगा। गांव में विभिन्न विकास कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने तेजपाल नागर का आभार जताया।

गांव-गांव में विकास
इस अवसर पर तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की धारा निरंतर प्रवाहित हो रही है। गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए सरकार मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, सामाजिक अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्राम खंगौड़ा में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक, पारिवारिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इससे ग्रामवासियों को एक सुव्यवस्थित एवं सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे सामाजिक समरसता एवं सामुदायिक एकता को और अधिक मजबूती मिलेगी। विधायक ने कहा कि समस्त परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्राम खंगौड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी। सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, शिक्षा संस्थानों में आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण होगा, तथा खेल मैदान के निर्माण से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा नेता विचित्र तोमर, धीर राणा, भीष्म प्रधान, प्रधान बृजपाल राठी, परवेश शर्मा, एचके शर्मा, संजय राणा, ब्रजेश शर्मा, प्रदीप मंगल, राकेश राणा, जगपाल प्रधान, छेनतर पाल, संतेन्द्र सिसोदिया प्रधान, संतेन्द्र शर्मा, कन्हैया सहित अन्य लोग मौजूद थे।
