द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बिसरख के डूब क्षेत्र में बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई में करीब 25 हजार वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, कुछ कालोनाइजर डूब क्षेत्र में बाउंड्री बनाकर अवैध प्लॉटिंग की तैयारी कर रहे थे। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया।
अवैध निर्माण नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट कहा कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचा जा सके।
यह कार्रवाई वर्क सर्किल-3 की टीम द्वारा की गई, जिसमें वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और प्रबंधक प्रशांत समाधिया शामिल रहे। टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र के खसरा संख्या 333 और 334 पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया।
प्राधिकरण की तरफ से दी गई चेतावनी
प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों को चेतावनी दी है कि दोबारा इस तरह की गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्राधिकरण की ओर से तिलपता, रोजा याकूबपुर, खेड़ा चौगानपुर और चिपियाना बुजुर्ग क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका है।
