-ग्रेटर नोएडा दनकौर के नवादा गांव का मामला चर्चा में
-पंचायत का फैसला न मामने पर हुआ बहिष्‍कार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शादी में बैंडबाजा व डीजे की मस्‍ती तो होती ही है, लेकिन दनकौर के नवादा गांव के एक परिवार को लड़के की शादी में डीजे बजाना भारी पड़ गया। पंचायत का फैसला न मामने पर गांव के लोगों ने उस परिवार का बहिष्‍कार कर दिया। बड़ी संख्‍या में जुटे गांव के लोगों ने बकायदा डुगडुगी बजाकर उस परिवार का बहिष्‍कार हुक्‍का जारी किया। यह भी कहा गया कि गांव का अब कोई भी व्‍यक्ति उस परिवार के शादी समारोह में शामिल नहीं होगा। साथ ही गांव के लोगों ने उस परिवार को अपने किसी समारोह में न बुलाने का निर्णय भी लिया। परिवार के सामाजिक बहिष्‍कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


नहीं माना पंचायत का निर्णय
शादी समारोह में होने वाली फ‍िजूल खर्जी को लेकर नवादा गांव में लगभग दो माह पूर्व पंचायत हुई थी। पंचायत में बड़ी संख्‍या में गांव के लोग जुटे थे। शादी में डीजे न बजाने व अन्‍य फ‍िजूलखर्ची न करने का निर्णय पंचायत ने लिया था। पंचायत के निर्णय का सभी लोगों ने समर्थन किया था। सोमवार को गांव के एक परिवार में लड़के की शादी थी, बाराज नोएडा गई थी। पंचायत का फैसला न मानकर बारात में डीजे बजाया गया। इससे गांव के लोग नाराज हो गए। मंगलवार को गांव के लोग उस परिवार के घर के पास जुटे और डुगडुगी बजवाकर बहिष्‍कार हुक्‍का जारी कर दिया। जिसके बाद से आस-पास के गांवों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।