-घर में ताला बंद होने के बाद भी टीम ने दिखाई हिम्मत
-आग के कारण घर में बड़ा नुकसान होने से बचा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्टेट सोसायटी के एक फ्लैट में मंगलवार को आग लग गई। सूचना मिलने के साथ ही सोसायटी में मेंटेनेंस विभाग की टीम तत्पर हो गई। घर में ताला बंद होने के बावजूद मेंटेनेंस टीम ने साहस व तत्परता का परिचय देते हुए वहां पर मौजूद उपकरणों की सहायता से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया, अन्यथा आग पूरे घर में फैल जाती। साथ ही आस-पास के दूसरे फ्लैट को भी नुकसान हो सकता था। आग लगने के दौरान सोसायटी में एक और चीज देखने को मिली वहां पर लगे स्मोक डिटेक्टर व स्प्रिंकल काम कर रहे थे। अन्यथा कुछ अन्य सोसायटी में आग लगने के दौरान पाया गया था कि वहां पर लगे स्मोक डिटेक्टर व स्प्रिंकल काम नहीं कर रहे थे।
फ्लैट में बंद था ताला
सोसायटी के फ्लैट में रहने वाला परिवार घर में ताला बंद कर कहीं चला गया था। किसी कारण से फ्लैट में आग लग गई। वहां से निकलने वाले धूंए को देखकर आस-पास के लोगों ने मेंटेनेंस विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मेंटेनेंस टीम ने दूसरे टॉवर के सामने से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फ्लैट के खिड़की के शीशे को तोड़कर पानी की तेज बौछार मारी गई। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। सोसायटी के लोगों ने मेंटेनेंस टीम के काम को सराहा।
