-उपचार के लिए मरीज से मंगाई गई दवाएं
-कर्मचारी ने कहा यहां नहीं चलता है आयुष्‍मान कार्ड

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: प्रदेश सरकार ने उपचार के लिए आयुष्‍मान कार्ड योजना के माध्‍यम से लोगों को बड़ी राहत दी है, लेकिन शारदा अस्‍पताल में सरकार की योजना के तहत आयुष्‍मान कार्ड धारक को उपचार नहीं मिला। पीडि़त परिजन से ही हजारों रुपए की दवाएं मंगाई गई। परिजन ने मामले में जब वहां के कर्मचारियों से बात की तो उन्‍होंने कह दिया कि यह प्राइवेट अस्‍पताल है यहां पर आयुष्‍मान कार्ड नहीं चलता है। इस दौरान परिजन जब पूरे मामले का वीडियो बनाने लगे तो वहां पर तैनात बाउंसर ने उनसे मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया। बाद में परिजन ने दूसरे अस्‍पताल में मरीज का उपचार कराया। परिजन ने बाद में पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


यह हुई घटना
ओमिक्रान सेक्‍टर निवासी एक बुजुर्ग व्‍यति दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके पैर में फैक्‍चर हो गया था। उपचार के लिए परिजन उन्‍हें लेकर शारदा अस्‍पताल गए। परिजन का कहना है कि अस्‍पताल पहुंचकर घायल का आयुष्‍मान कार्ड दिखाया गया। बाद में उपचार के लिए पैसे मांगे गए और हम लोगों से ही दवाएं भी मंगाई गई। परिजन का कहना है कि पूछने पर कह दिया कि यह प्राइवेट अस्‍पताल है, यहां पर आयुष्‍मान कार्ड नहीं चलता है। जबक‍ि अस्‍पताल परिसर में जगह-जगह आयुष्‍मान कार्ड से निशुल्‍क उपचार का बोर्ड लगा है। इस दौरान परिजन व अस्‍पताल में तैनात कर्मचारियों की बहस भी हुई। परिजन का कहना है कि बाद में दूसरे अस्‍पताल में मरीज का उपचार कराया गया। इस संबंध में वहां के डायरेक्‍टर पीआरओ से अस्‍पताल का पक्ष जानने का प्रयस किया गया लेकिन जवाब नहीं मिला।