-श्रमवीर सम्मान समारोह का मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया शुभारंभ
-योगी आदित्‍यनाथ ने वर्चुअल किया जेवर के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर को कई योजनाओं का उपहार दिया। स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में सबसे बड़ी योजना के रूप में ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए 07 एकड़ भूमि का आवंटन पत्र प्रदान किया। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जनपद में सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा 201 स्थानों पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप एवं 25 चिकित्सीय मोबाइल वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ किया गया। जेवर के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय एवं औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी, एंबुलेंस रूम का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त 04 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर एवं 43 क्रेचों (शिशु कक्ष) का लोकार्पण किया गया। साथ ही पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ग्रेटर नोएडा में हुए श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्या को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह
गौतम बुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, कारखानों एवं प्रतिष्ठानों से जुड़े श्रमिक भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रमिकों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे कार्यक्रम अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए यह बताया गया कि राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। श्रमिकों के कल्याण को एक नई दिशा प्रदान करते हुए उन्हें सुलभ, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सीएसआर के सहयोग से संचालित फूड वैन सुविधा का शुभारंभ करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिक भाइयों और बहनों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। इस पहल के माध्यम से सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 औद्योगिक श्रमिकों को निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन श्रमिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी, जो दूरदराज क्षेत्रों से आकर औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, डीएम मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।