द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 17 चोरी की मोटरसाइकिल व स्कूटी, स्नैचिंग के 8 मोबाइल फोन और 3 अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 मई को मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर सेक्टर-8 स्थित एफ-95 के पास से सूरज उर्फ चीढ़ा, अनिल कुमार उर्फ गोलू और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया गया। बरामद वाहन नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
रेकी के बाद करते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एनसीआर की कॉलोनियों, सोसाइटियों और कंपनियों की पहले रेकी करते थे। इसके बाद फैक्ट्री, कंपनी और पार्कों के बाहर खड़ी बाइक और स्कूटी का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी के वाहनों को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा जाता था और इन्हीं वाहनों का इस्तेमाल मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं में किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छिजारसी निवासी सूरज उर्फ चीढ़ा (24), अनिल कुमार उर्फ गोलू (30) और सुशील मिश्रा उर्फ बाबा (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में 17 चोरी की बाइक-स्कूटी, 8 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल फोन और 3 अवैध चाकू शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क के बारे में भी जांच कर रही है।
