-आरडब्ल्यूए निर्णय के साथ खड़े हुए सेक्‍टर के लोग
-सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन का भी मांगा सहयोग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर में पिछले कुछ समय से बिना नंबर प्‍लेट के वाहन दौड़ रहे हैं। बिना नंबर प्‍लेट वाहन चलाने वालों के द्वारा घटनाओं को भी अंजाम दिया जाता है। ऐसे में सेक्‍टर के लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सेक्‍टर P-3 आरडब्ल्यूए ने बड़ा निर्णय लिया है। जिसके तहत आरडब्ल्यूए ने सेक्‍टर में बिना नंबर प्‍लेट वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। सेक्‍टर के लोगों ने भी आरडब्ल्यूए के निर्णय को सराहा है। बिना नंबर प्‍लेट वाहनों को सेक्‍टर में प्रवेश से पूरी तरह से रोकने के लिए सेक्‍टर के गेटों पर तैनात गार्डों को सतर्क कर दिया गया है। साथ ही सेक्‍टर के लोग व आरडब्ल्यूए सदस्‍य भी निगरानी करते रहते हैं।

पुलिस का सहयोग
सेक्टर P-3 के आरडब्ल्यूए अध्‍यक्ष अमित भाटी का कहना है कि देखने में आ रहा था कि सेक्टर में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की संख्‍या बढ़ रही थी। जो भविष्य में अत्यंत घातक सिद्ध हो सकती है। आज बढ़ते अपराधों में कहीं न कहीं ऐसे संदिग्ध वाहनों की भूमिका भी देखने को मिलती है। एक दिन पूर्व नोटिस जारी कर गेटों पर चस्‍पा कर दिया गया था कि बिना नंबर प्‍लेट वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। निर्णय को अब पूर्ण रूप से लागू कर दिया गया है। सेक्‍टर के लोगों के साथ ही आरडब्ल्यूए टीम दिन-रात लगातार गेटों पर मौजूद रहकर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चला रही है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है। क्‍योंकि यह केवल हमारे सेक्टर की सुरक्षा का विषय नहीं है, बल्कि पूरे ग्रेटर नोएडा की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत गंभीर मुद्दा है।