-तीनों ने रेंजर्स क्लब के नाम से बनाई थी कंपनी
-पैकेज में बताई गई सुविधाओं को न देकर देते थे धोखा
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा सेक्टर 24 कोतवाली ने टूर पैकेज के नाम पर लोगों को धोखा देने वाली कंपनी के तीन डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान इमरान खान,अभय कुमार व शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। टूर पैकेज बुक कर लोगों को फंसाने के लिए तीनों ने रेंजर्स क्लब के नाम से कंपनी बनाई थी। टूर पैकेज में जिन सुविधाओं को देने का वादा किया जाता था वह नहीं दी जाती थी। जांच में सामने आया है कि आरोपितों के द्वारा पूर्व में भी कई लोगों को धोखा दिया जा चुका है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 03 फर्जी आई कार्ड पर्यटन मंत्रालय, 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 फर्जी मोहरें, 15 फर्जी समझौता ज्ञापन (MOU) दस्तावेज तथा 03 मोबाइल फोन बरामद व अन्य सामान बरामद किया है।

ऐसे देते थे धोखा
थाना सैक्टर-24 नोएडा पुलिस द्वारा मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि हम तीनों रेंजर्स क्लब कम्पनी में डायरेक्टर हैं, टूर पैकेज का प्रलोभन देकर हम लोग अपने लालच के कारण ग्राहकों से धोखाधडी कर पैसा ले लेते थे। उन्हें पैकेज में बताई गई सुविधा उपलब्ध नहीं कराते थे। इस प्रकार की घटनाऐं हम तीनों ने साथ मिलकर कई व्यक्तियों के साथ की हैं। लोगों के साथ धोखाधडी कर करोडों रुपयों का लाभ भी कमाया है। हमारे बैंक खातो में जो पैसा है वह हम तीनों द्वारा धोखाधडी कर अर्जित किया गया है। हम लोगों ने धोखाधडी करने के उद्देश्य से मिनिस्ट्ररी ऑफ टूरिजम गर्वमेंन्ट ऑफ इण्डिया के कूटरचित दस्तावेज तैयार किये हुए थे। जिनको हम लोग धोखाधडी करने के समय ग्राहकों को दिखाकर प्रभावित करते थे और अपना टूर पैकेज लेने के लिए लुभाते थे।
