-मुआवज़े व सर्किल रेट में वृद्धि न होने पर जताई नाराजगी
-तीनों प्राधिकरण से की मामले में उचित निर्णय लेने की मांग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जिले में पिछले लंबे समय से किसानों के मुआवज़े व सर्किल रेट में वृद्धि नहीं हुई है। जबकि अपनी बोर्ड बैठक में तीनों प्राधिकरण के द्वारा जमीनों के दाम में बढ़ोत्‍तरी कर दी जाती है। विधायक धीरेंद्र का कहना है कि लगभग चार वर्षों में आवासीय भूखंडों की दरों में लगभग 53 प्रतिशत तथा औद्योगिक भूखंडों की दरों में लगभग 63 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। जिससे यह सिद्ध होता है कि क्षेत्र की भूमि का वास्तविक बाजार मूल्य लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में किसानों को पुराने दरों पर मुआवज़ा देना सामाजिक एवं आर्थिक न्याय की मूल भावना के विपरीत है। प्राधिकरण क्षेत्रों में भूमि मूल्यों में हुई भारी वृद्धि के बावजूद किसानों को मिलने वाले मुआवज़े, सर्किल रेट एवं पुनर्वास लाभों में समुचित वृद्धि न होने पर विधायक ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित प्राधिकरणों एवं प्रशासन को एक विस्तृत पत्र प्रेषित कर तत्काल प्रभाव से आवश्यक निर्णय लागू करने की मांग की है।

किसानों को मिले लाभ
धीरेंद्र सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि विकास परियोजनाओं का लाभ केवल संस्थागत निकायों तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि उन किसानों तक भी पहुँचना चाहिए जिन्होंने अपनी पुश्तैनी भूमि देकर क्षेत्र के औद्योगिक एवं राष्ट्रीय विकास में योगदान दिया है। विधायक ने सर्वोच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि न्यायसंगत, पारदर्शी एवं समान भागीदारी का विषय है।धीरेन्द्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक संस्थाओं की भूमिका केवल राजस्व अर्जित करने तक सीमित नहीं हो सकती। शासन एवं प्रशासन का मूल दायित्व किसानों एवं आम नागरिकों के हितों की रक्षा करना है। यदि प्राधिकरण उद्योगों और निवेशकों को प्रोत्साहन दे सकते हैं, तो किसानों के वैध अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसकी आधारशिला रखने वाले किसानों को भी सम्मान, न्याय एवं उचित भागीदारी प्राप्त हो। धीरेन्द्र सिंह ने इस विषय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, शासन एवं प्राधिकरणों से शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।