-लोगों का आरोप 6 माह में दो बार बढ़ाया गया मेंटेनेंस चार्ज
-लोगों ने नारे लगा कहा सुपरटेक बिल्‍डर चोर है

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: मेंटेनेंस चार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में ओमिक्रान-1 सेक्‍टर में स्थित सुपरटेक जार सोसायटी के लोगों का गुस्‍सा फूट पड़ा। हाथों में पोस्‍टर लेकर लोगों ने बिल्‍डर व मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों ने सुपरटेक बिल्‍डर चोर है के नारे भी लगाए। लोगों ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस एजेंसी अपनी मनमानी करते हुए मेंटेनेंस चार्ज बढ़ा देती है। पैसा देने के बावजूद सोसायटी में सभी सुविधाएं बदहाल पड़ी हुई हैं। प्रदर्शन करने वाले लोगों ने मांग की कि बढ़ाया गया मेंटेनेंस चार्ज वापस लिया जाए।

80 पैसे बढ़ाया चार्ज
सोसायटी के एओए अध्‍यक्ष संजीव चौधरी का कहना है कि मेंटेनेंस एजेंसी लगातार अपनी मनमानी करती आ रही है। एजेंसी ने लगभग 6 माह पूर्व 65 पैसे प्रति वर्ग फुट चार्ज बढ़ा दिया था, अब दोबारा से 80 पैसे चार्ज बढ़ा दिया गया है। चार्ज बढ़ाने के बाद इसका नोटिस जारी किया गया, चार्ज बढ़ाने को लेकर एओए से कोई वार्ता भी नहीं की गई। उनका कहना है कि सोसायटी में सभी लोग नियमित रूप से मेंटेनेंस चार्ज देते हैं बावजूद सोसायटी में लिफ्ट, कॉमन एरिया में साफ-सफाई, सिक्‍योरिटी, बेसमेंट में लीकेज सहित अन्‍य समस्‍याएं हैं बनी हैं। लोगों के द्वारा लगातार शिकायत करने के बाद भी समस्‍याओं को हल नहीं कराया जा रहा है।