-बदहाल बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग
-मांगों के समर्थन में पुलिस को सौंपा ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: समाजवादी छात्र सभा के द्वारा दादरी में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा NEET UG पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दाम तथा दादरी शहर में बदहाल बिजली व्यवस्था के विरोध में था। प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी के साथ ही बड़ी संख्या में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता शामिल हुए। युवाओं ने हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने कहा कि NEET UG पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। मेहनत करने वाले छात्रों का विश्वास टूट रहा है, समाजवादी छात्र सभा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। कहा कि पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।

परेशान है जनता
सुधीर भाटी ने कहा कि दादरी में कई-कई घंटे बिजली कटौती हो रही है। बिजली कटौती के कारण लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में जनता परेशान है लेकिन प्रशासन समस्या के समाधान में नाकाम साबित हो रहा है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है। समाजवादी छात्र सभा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मोके पर पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान, छात्र सभा प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण रावल, प्रिंस भाटी, हारून सैफी, इमरान सैफी सहित अन्य लोग मौजूद थे।



