-हमले में बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से हो गया था घायल
-बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध पिस्टल व डंडा किया बरामद
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी कोतवाली क्षेत्र के मायचा गांव में बदमाशों ने 17 मई को एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया था। बदमाशों ने बुजुर्ग पर डंडे से हमला करने के साथ ही हवाई फायरिंग भी की थी। पीडि़त परिवार के द्वारा की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने हमला करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की पहचान मोंटी उर्फ कविंद्र गुर्जर, शिवम गुर्जर व आशीष के रूप में हुई है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक अवैध पिस्टल व हमले में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
पुरानी रंजिश में हमला
दादरी कोतवाली क्षेत्र के मायचा गांव में सुभाष चपराना रहते हैं। 17 मई को तीन बदमाशों ने उनके घर पर हमला कर दिया था। डंडे से बुजुर्ग की पिटाई की थी। साथ ही दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग भी की, जिससे बाहर खड़ी एक वैगनआर गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। सुभाष के ऊपर बदमाशों ने गोली भी चलाई थी लेकिन वह बच गए थे। जाते वक्त हमलावर पीड़ित का मोबाइल और सीसीटीवी के तार तोड़कर फरार हो गए थे। एडीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
