द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी हत्याकांड के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार 24 मई को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के ग्राम तुगलपुर में किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव मिला था। मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव (26 वर्ष) पुत्र चतर सिंह निवासी तालिम नगर, थाना हरदुआगंज, अलीगढ़ हाल निवासी तुगलपुर, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।