-थाना जारचा पुलिस व बदमाश के बीच हुई मुठभेड़
-बदमाश के पास से तमंचा व अन्य सामान बरामद
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जारचा कोतवाली पुलिस पर मोटरसाइकिल सवार एक बदमाश ने गोली चला दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश की पहचान जारचा कोतवाली क्षेत्र के कलौंदा गांव के रहने वाले शहजाद के रूप में हुई है। उपचार के लिए पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा, मोटरसाइकिल व अन्य सामान बरामद किया है।

बदमाश पर दर्ज है 17 मुकदमा
थाना जारचा पुलिस बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सामने से एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। स्वयं को पुलिस से घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घायल बदमाश के ऊपर विभिन्न मामलों में 17 मुकदमें दर्ज हैं। अधिकतर मुकदमें बुलंदशहर में दर्ज हैं।
