-काफी कर्मचारियों ने रिसीव नहीं किया है ड्यूटी पत्र
-लापरवाह कर्मचारियों पर एफआईआर कराने की तैयारी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पूरे देश में जनगणना का कार्य चल रहा है। निर्देशों के तहत 20 जून तक इस कार्य को पूरा भी करना है, लेकिन आप को जानकर आश्चर्य होगा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के काफी कर्मचारी देशहित के इस कार्य में घोर लापरवाही दिखा रहे हैं। लापरवाही का आलम यह है कि कर्मचारियों ने अभी तक अपना ड्यूटी पत्र ही रिसीव नहीं किया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि निर्धारित समय में काम कैसे पूरा होगा। एक संभावना यह भी है कि ऐसे लापरवाह कर्मचारी कम समय में गड़बड़ी करते हुए काम को पूरा करने का प्रयास करेंगे। ऐसे कर्मचारियों पर प्राधिकरण अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। निर्देश दिया है कि 27 मई तक अपना ड्यूटी पत्र रिसीव कर लें अन्यथा सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। देखना है कड़ी चेतावनी का कर्मचारियों पर कितना असर पड़ता है।
लोगों से अपील
जनगणना 2027 के लिए ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन से भी कहा है कि जनगणना के कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग करें। इसमें किसी तरह की बाधा उत्पन्न न करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ और जनगणना के लिए ग्रेटर नोएडा के नोडल अधिकारी सुमित यादव ने ग्रेटर नोएडा की आरडब्ल्यूए और अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को पूरा सहयोग करें। उनको सेक्टर या सोसाइटी में प्रवेश करने में कोई परेशानी न हो। उनका पहचान पत्र व ड्यूटी पत्र का परीक्षण कर प्रवेश करने दें। नोडल ऑफिसर ने यह भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी को देखते हुए अगर कर्मचारियों को नींबू पानी, जलपान की आवश्यकता हो, तो उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य देशहित व जनहित से जुड़ा है। इसमें जनसहयोग जरूरी है।
