द न्यूज गली, नोएडा : ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को नोएडा जोन के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की गई।
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह, एसीपी, थाना प्रभारियों, बीडीडीएस टीम, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल के साथ निठारी मस्जिद, जामा मस्जिद, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों से संवाद कर त्योहार को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जाएगी।
