द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से स्नैचिंग में प्रयुक्त एक चोरी की मोटरसाइकिल, 21 छीने गए मोबाइल फोन तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से सेक्टर-55 स्थित प्लॉट के पास से लोकेश पुत्र दयाराम और प्रदीप उर्फ भिर्री पुत्र राधेश्याम को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी शांतिकुंज कॉलोनी, बिसरख क्षेत्र में रहते हैं और मूल रूप से बदायूं तथा कासगंज के निवासी हैं।
नशे के आदी हैं पकड़े गए आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नोएडा-एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर दिल्ली में बेच देते थे। बरामद मोटरसाइकिल गाजियाबाद के थाना खोडा क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 20 मार्च 2026 को सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास एक मोबाइल फोन स्नैच किया था, जिसे बाद में दिल्ली में बेच दिया गया। इसके अलावा 11 मई 2026 को सेक्टर-12/22 चौड़ा मोड़ से छीना गया एक आईफोन-16 भी आरोपियों द्वारा दिल्ली में बेचे जाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में थाना सेक्टर-24 में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि बरामद अन्य मोबाइल फोन नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से स्नैच किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली में चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार रखने तथा अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
